प्रधान की मौत, बेटा-बेटी घायल
एक ही बाइक से जा रहे थे तीनों, अनियंत्रित होने पर गिरीं मां-बेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। हाईवे पर संसारीपुर चौराहे के निकट बाइक पर बैठकर उपचार कराने जा रहीं लखना गांव की प्रधान सोना देवी व उनकी बेटी कुसुम सड़क पर गिर गईं। हादसे में प्रधान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में बेटी-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बाइक अनियंत्रित होने के कारण हुआ। छावनी थाना क्षेत्र के लकड़ी पांडेय गांव निवासी राजेश कुमार पुत्र जेठूराम अपनी माता सोना देवी व बहन कुसुम देवी को मोटरसाइकिल पर बैठा कर कप्तानगंज दवा कराने गए थे। दोपहर एक बजे हर्रैया थाना क्षेत्र के संसारीपुर चौराहे पर बाइक अनियंत्रित हो गई और मां-बेटी गिर गईं। सोना देवी (50) की मौके पर ही मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने घायल कुसुम (30), राजेश को एंबुलेंस से सीएचसी हर्रैया पहुंचाया। हर्रैया एसओ सर्वेश राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।