शनिवार को राप्ती नदी में स्नान करते समय डूबा था, ढाई किलोमीटर दूर मिला शव
अमर उजाला ब्यूरो
चिल्लूपार (गोरखपुर)। क्षेत्र में स्थित राप्ती नदी में स्नान करते समय शनिवार को डूबे युवक का शव रविवार की शाम पांच बजे कटइलवा गांव के पास नदी में उतराया मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है।
बड़हलगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पटना निवासी बीए का छात्र 18 वर्षीय विशाल यादव उर्फ अमन शनिवार की सुबह 9:45 बजे के करीब साथियों संग राप्ती नदी में नहाते समय गहरे पानी में जाने से डूब गया था। ग्रामीणों और एसडीआरएफ की तलाश के बाद रविवार को शव मिला।
मृतक के चाचा सर्वेश यादव ने बताया कि शनिवार को सुबह 8:21 बजे एक युवक फोन कर घर से विशाल को बुलाया था। नदी में स्नान करते समय बगल के गांव के सात-आठ लड़के और थे। उन्होंने आशंका जताई है कि विशाल डूबा नहीं बल्कि जानबूझकर उसे डुबोकर मार दिया गया। सर्वेश ने थाने पर नामजद तहरीर दे दी है। ग्रामीण भी इसे संदिग्ध मौत मान रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस यदि गहराई से जांच करे तब सत्यता का पता चलेगा। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।