कुशीनगर में रविवार को सुबह रामकोला थाना क्षेत्र के साहबगंज के निकट छोटी गंडक नदी में शव पड़ा मिला। इसकी सूचना गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस को दी।
घटनास्थल रामकोला और कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बीच स्थित होने के कारण दोनों एक-दूसरे का क्षेत्र बताते हुए शव बाहर निकलवाने में टाल-मटोल करती रहीं। इसके बाद नायब तहसीलदार कप्तानगंज पहुंचे। उनकी मौजूदगी में रामकोला थाने की पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया।
साहबगंज गांव के निकट से होकर बहने वाली छोटी गंडक नदी में करीब 60 वर्षीय किसी व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना रविवार की सुबह किसी व्यक्ति ने एसडीएम कप्तानगंज को दी। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार राधेश्याम उपाध्याय पहुंचे।
उनके सामने शव को नदी से बाहर निकाला गया। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान रामकोला थाने के एसओ धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।