- खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में डीडीयू के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। असम के गुवाहाटी और पूर्वाेत्तर के अन्य शहरों में चल रहे चौथे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन रहा। एथलेटिक्स में रंजना राजपूत ने स्वर्ण और बिट्टू ने रजत पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में देश की अलग-अलग यूनिवर्सिटी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
27 फरवरी की देर शाम विश्वविद्यालय एथलेटिक्स टीम के खिलाड़ी बिट्टू ने 5000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए कड़े मुकाबले में 14 मिनट 52 सेकंड के साथ रजत प्राप्त किया l इसी स्पर्धा में कुछ ही समय बाद हुए महिला वर्ग के फाइनल में रंजना राजपूत ने सभी खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए 17 मिनट 24 सेकंड का समय निकालकर विश्वविद्यालय को स्वर्णिम सफलता दिलाते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
पदक विजेताओं को सम्मानित करेगा विश्वविद्यालय
एथलेटिक्स टीम के खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। क्रीड़ा परिषद के सचिव एवं प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के कंटिजेंट मैनेजर डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में इस एथलेटिक्स में छह और कुश्ती में दो खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। कुश्ती टीम के पहलवान विकास चौहान ग्रीको रोमन के 55 किलोग्राम भार वर्ग में एक कड़े मुकाबले में पॉइंट के आधार पर मामूली अंतर से कांस्य पदक से चूक गए l
एथलेटिक्स टीम की निशा 10000 मीटर दौड़ में चौथे स्थान पर रहीं। शानदार प्रदर्शन के लिए क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष प्रो. विमलेश कुमार मिश्र, उपाध्यक्ष प्रो. विजय चहल, प्रो. अलोक कुमार गोयल, कोषाध्यक्ष प्रो. प्रत्युश दुबे, संयुक्त सचिव डॉ. मनीष पांडेय, टीम मैनेजर डॉ. बृजेश कुमार, प्रशिक्षक चंद्रप्रकाश सिंह एवं रूबी मौर्या सहित पूरे विश्वविद्यालय परिवार ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
-
बॉक्स..
ओलंपिक्स में मेडल लाना है रंजना का सपना
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली रंजना राजपूत का सपना है कि वे ओलंपिक्स में मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाएं। रंजना गोरखपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध बहादुर यादव मेमोरियल महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। रंजना के पिता चंद्रपकाश सिंह किसान हैं। हाल ही में संपन्न हुई ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में रंजना ने 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक प्राप्त किया था। रंजना ने बताया कि वह पिछले दो साल से एथलेटिक्स का अभ्यास कर रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर हौसला बढ़ा है। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक लाने के लिए और मेहनत करूंगी।