- मलेशिया के इंटी इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से एमओयू करेगा गोरखपुर विश्वविद्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। ज्वाइंट, ट्विनिंग और ड्युअल प्रोग्राम शुरू करने के लिए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय मलेशिया की इंटी इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से एमओयू करेगा। इंटी यूनिवर्सिटी क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में दुनिया में 516वें स्थान पर है। इसे लेकर दोनों विश्वविद्यालय प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं।
ज्वाइंट डिग्री के तहत दोनों विश्वविद्यालय मिलकर कोर्स तैयार करेंगे। उस डिग्री पर दोनों संस्थानों का नाम रहेगा। इंटी के लीगल विभाग ने इस पर सहमति दे दी है। ड्युअल डिग्री के तहत डीडीयू के छात्र को अपने विश्वविद्यालय से कम से कम 30 प्रतिशत क्रेडिट हासिल करना होगा। विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय सेल के निदेशक डॉ. रामवंत गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान अयोग (यूजीसी) ने ज्वाॅइंट, ट्विनिंग या ड्युअल प्रोग्राम को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके मुताबिक विदेशों के उन विश्वविद्यालयों से ही इन प्रोग्राम को लेकर एमओयू हो सकता है, जिनकी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में 1000 से नीचे हो। मलेशिया इंटी इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग 516 है। इस लिहाज से उसके साथ प्रोग्राम शुरू किए जाने को लेकर एमओयू किया जा सकता है। एमओयू के बाद तात्कालिक रूप से ट्विनिंग प्रोग्राम शुरू किए जाने की योजना है। इसके तहत गोरखपुर विश्वविद्यालय का छात्र इंटी यूनिवर्सिटी में जाकर भी पढ़ाई कर सकता है। उसकी डिग्री डीडीयू ही देगा। इंटी यूनिवर्सिटी से उसे अधिकतम 30 क्रेडिट ही मिलेंगे।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि मलेशिया की इंटी इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के साथ ज्वाॅइंट, ट्विनिंग और ड्युअल प्रोग्राम पर इसी महीने एमओयू हो जाएगा। इसे लेकर ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है।