गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में कार्य परिषद की बैठक बुधवार को दोपहर 12 बजे से प्रशासनिक भवन स्थित कमेटी हॉल में होगी। इसमें शिक्षकों की नई नियुक्तियों का लिफाफा खुलेगा। कुलपति पद के चयन के लिए राजभवन की ओर से बनने वाली सर्च कमेटी के लिए एक सदस्य के नाम को भी मंजूरी मिलेगी।
डीडीयू में पिछले वर्ष अंग्रेजी, वनस्पति विज्ञान व बायोटेक्नोलॉजी विभाग में स्थायी व होटल मैनेजमेंट में अस्थायी शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकला था। विभिन्न पदों पर चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कार्य परिषद की बैठक में इन नियुक्तियों का लिफाफा खुलेगा।
इसके अलावा डीडीयू के कुलपति पद के लिए जन भवन (राजभवन) की ओर से सर्च कमेटी का गठन किया जाना है। उसमें एक सदस्य संबंधित विश्वविद्यालय के कार्य परिषद की ओर से मनोनीत किया जाता है। बुधवार को कार्य परिषद की बैठक में सदस्य के नाम को भी अनुमोदन मिल जाएगा। बैठक में विभिन्न समितियों की मंजूरियों को भी अनुमोदन प्राप्त हो सकता है।