- कक्ष निरीक्षकों के समय से नहीं पहुंचने से हुई अव्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में परीक्षा के दौरान मंगलवार को सुबह की पाली में बड़ी अव्यवस्था दिखी। कक्ष निरीक्षकों के ड्यूटी पर नहीं पहुंचने के कारण कई कक्षाें में जैसे-तैसे परीक्षा संपन्न कराई गई। कक्ष निरीक्षकों की कमी के कारण आठ कमरों में आधे घंटे की देरी से परीक्षा शुरू हुई।
बताते हैं कि डीडीयू में सुबह की पाली में करीब 2900 विद्यार्थी पंजीकृत थे। अलग-अलग दर्जन भर से अधिक विषयों की परीक्षा होने के कारण प्रति 20 छात्र-छात्राओं पर एक कक्ष निरीक्षक होना चाहिए था। यानी करीब डेढ़ सौ शिक्षकों की ड्यूटी लगनी चाहिए थी। लेकिन इतने शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाई गई थी। इसके अलावा जिनकी ड्यूटी लगी भी थी, उनमें से बड़ी संख्या में शिक्षक अलग-अलग कारणों से नहीं पहुंचे। कई कक्ष में एक निरीक्षक ने किसी तरह ड्यूटी संपन्न कराई।
दीक्षा भवन स्थित केंद्र पर सुबह की पाली में कुल आठ कक्ष में आधे घंटे की देरी से परीक्षा शुरू हो सकी। इसे लेकर वहां अफरातफरी का माहौल बना रहा। हालांकि छात्र-छात्राओं को बाद में आधे घंटे का अतिरिक्त समय दिया गया।
कई शिक्षक सीएल पर
बताते हैं कि रविवार और उसके बाद बुधवार को रामनवमी की छुट्टी को देखते हुए कई शिक्षकों ने सोमवार-मंगलवार को सीएल ले लिया था। कई कक्ष निरीक्षक सुबह की पाली में देर से परीक्षा कराने पहुंचे।
कुलपति ने जताई नाराजगी
कुलपति प्रो. पूनम टंडन के संज्ञान में यह मामला आने के बाद उन्होंने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक समय से परीक्षा ड्यूटी में उपस्थिति सुनिश्चित करें। परीक्षा के दौरान किसी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।