गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र प्रो. एमएल शर्मा का नेपाल एकेडमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (एनएएसटी) का चेयरमैन बनाया गया है। साथ ही वे डीडीयू एल्युमिनी एसोसिएशन-नेपाल चैप्टर के अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय योगदान दे रहे हैं। डीडीयू पहले ही नेपाल के प्रमुख विश्वविद्यालयों जैसे त्रिभुवन यूनिवर्सिटी, लुंबिनी बुद्धिस्ट यूनिवर्सिटी, गंडकी यूनिवर्सिटी, पोखरा यूनिवर्सिटी और मधेश एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू कर चुका है। इन समझौतों के तहत संयुक्त अंतरराष्ट्रीय सेमिनार, शोध कार्यशालाएं और छात्र-फैकल्टी विनिमय कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होते रहे हैं।
वर्तमान में डीडीयू में नेपाल के 54 शोधार्थी उच्चस्तरीय शोध कार्य कर रहे हैं। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा, वैश्विक प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने विश्वविद्यालय के शोध, नवाचार और सहयोग आधारित गतिविधियों को और विस्तारित करने के लिए प्रतिबद्धता जताई। प्रो. शर्मा ने डीडीयू की अकादमिक उत्कृष्टता और शोध वातावरण की सराहना की और दोनों देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आश्वासन दिया।