गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रशासन विभाग तथा आईआईएम लखनऊ के एंटरप्राइज इंक्यूबेशन सेंटर के बीच करार पर हस्ताक्षर किए गए। इससे दोनों संस्थाएं छात्रों के लिए बेहतर रोजगार प्रस्तावों पर मिलकर कार्य करेंगी, जिससे छात्रों को काफी लाभ मिलेगा।
शुक्रवार को डीडीयू की कुलपति प्रो. पूनम टंडन, कॉमर्स के अध्यक्ष प्रो. श्रीवर्धन पाठक, समन्वयक प्रो. अनिल यादव एवं आईआईएम लखनऊ के ईईसी के बिजनेस हेड आदित्य प्रसाद की उपस्थिति में विधिक पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। कुलपति ने बताया कि इसके अन्तर्गत समय की मांग के अनुसार छात्रों के लिए उत्कृष्ट पाठ्यक्रम, वर्कशॉप, वेबिनार आदि आयोजित होंगे।
उनका प्रयास है कि ऐसे समझौतों के माध्यम से विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों में प्रौद्योगिकी और नवाचारों को बढ़ावा दिया जाए। शिक्षा के साथ साथ विद्यार्थियों को उनकी सामाजिक जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाए और समाज के प्रति उनके कर्तव्य बताए जाएं।