पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार इलाके में ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली पंजाब की दो डांसरों से अभद्रता, मारपीट और कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। मोहाली की रहने वाली 27 वर्षीय युवती की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को शाहपुर निवासी अरविंद कुमार आनंद, शिवेंद्र समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। तीसरे आरोपी की पहचान अभी नहीं हुई है। पीड़िता का आरोप है कि 24 अप्रैल को एक लॉन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अरविंद ने उसे और उसकी सहेली को जबरन भोजपुरी गाने पर डांस करने के लिए मजबूर किया था।
तहरीर के मुताबिक, युवती अपनी सहेली के साथ 24 अप्रैल को पादरी बाजार के एक लॉन में इवेंट डांसर के तौर पर गई थी। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान अरविंद कुमार आनंद ने दोनों से अभद्रता की और जबरन भोजपुरी गाने पर डांस करवाया। इसके तीन दिन बाद 27 अप्रैल को दोनों अपना सामान लेने पादरी बाजार इलाके में एक व्यक्ति के घर पहुंचीं। वहां शिवेंद्र और एक अन्य युवक पहले से मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने युवतियों से अभद्रता की। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पीड़िता का आरोप है कि वहां से निकलने की कोशिश करने पर दोनों युवकों ने उसके और उसकी सहेली के कपड़े फाड़ दिए। दोनों किसी तरह वहां से निकल सकीं। तहरीर में घटना के बाद फोन पर जान से मरवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर सुसंगत धाराओं में अरविंद कुमार आनंद, शिवेंद्र समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच एसआई आशुतोष सैनी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ सीसीटीवी और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। ऑर्केस्ट्रा संचालकों से भी जानकारी ली जा रही है।