झंगहा। थाना क्षेत्र के गहिरा मोड़ के पास बुधवार शाम रोडवेज बस की टक्कर से साइकिल सवार 50 वर्षीय रामवेलास यादव की मौत हो गई। हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गहिरा चौहान टोला निवासी रामवेलास यादव बुधवार शाम साइकिल से मोतीराम अड्डा की ओर जा रहे थे। वह गहिरा मोड़ के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आ रही रोडवेज बस ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।