गोरखपुर। अभियान थिएटर ग्रुप की ओर से रविवार को दिग्विजय नाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। फिल्म टेलिविजन इंस्टीट्यूट आफ इंडिया पुणे में चयनित अफ्फान नवाब, प्राणेश कुमार और दिव्य शुक्ल को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न और माल्यार्पण कर अतिथियों ने सम्मानित किया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉक्टर राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि जिस संस्थान में प्रत्येक वर्ष केवल 11 कलाकारों का चयन होता है वहां पर गोरखपुर के ही 3 कलाकारों का चयन अभूतपूर्व उपलब्धि है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्थाई लोक अदालत के चेयरमैन गिरिजेश कुमार पांडे ने कहा थिएटर कई समस्याओं का समाधान देता है। विशिष्ट अतिथि डॉ वेद प्रकाश पांडे ने सफल बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने पूरे शहर का गौरव बढ़ाया है। विशिष्ट अतिथि डॉ संजयन त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि बक्शीपुर नवल्स विद्यालय में शीघ्र ही एक नवीन सुसज्जित प्रेक्षागृह बनवाकर नाटक खेलने के लिए सौंप दिया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि डॉ हर्षवर्धन राय (सर्जन) ने कहा कि अभियान की उपलब्धियां अत्यंत उल्लेखनीय हैं। यह आने वाले समय में गोरखपुर में एक नया सकारात्मक वातावरण सृजित करेगा। अभियान के अध्यक्ष श्रीनारायण पांडे ने कहा कि गोरखपुर ने हमें बहुत कुछ दिया है । इस दौरान अफान नवाब, प्रणेश कुमार और दिव्या शुक्ला ने अपने रंगमंचीय अनुभव को साझा किया। वरिष्ठ रंगकर्मी उदयन मुखर्जी, अनुपम सहाय,राजेश सिंह, अजीत प्रताप सिंह, माधवेंद्र पांडे, डॉ बृजेंद्र नारायण सिंह,देवेंद्र आर्य ,रीता श्रीवास्तव ,मनीष मेहरोत्रा ,चंद्रेशश्रीवास्तव, प्रेम प्रकाश वर्मा एवं शहर के अन्य रंगप्रेमी उपस्थित थे।