गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार व उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु खिताब के लिए हुए फाइनल मुकाबलों काे देखा और ताली बजाकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने उत्तर प्रदेश केसरी का खिताब जीतने वाले गौतमबुद्ध नगर के जोंटी कुमार को 1.01 लाख रुपये व गदा, उपविजेता एनई रेलवे के वीरेश कुंडू को 51 हजार रुपये, उत्तर प्रदेश कुमार का खिताब जीतने वाले स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के सौरभ यादव को 51 हजार रुपये व गदा, उपविजेता डीएलडब्ल्यू के बघेल यादव को 25 हजार, वीर अभिमन्यु खिताब जीतने वाले बड़हलगंज के आदित्य यादव को 51 हजार रुपये व गदा, उपविजेता गोरखपुर छात्रावास के विनीत को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वॉलीबॉल खिलाड़ी युवराज प्रताप सिंह, कुश्ती के सौरभ यादव व टेनिस के खिलाड़ी अमन राज को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास परिषद के अध्यक्ष रमाकांत निषाद, खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह, हॉकी यूपी के उपाध्यक्ष धीरज सिंह हरीश, जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष दिनेश सिंह, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष अरुणेश शाही, युधिष्ठिर सिंह, राजेश गुप्ता मौजूद रहे।
जीतने का संकल्प लेकर जाएं हारे हुए खिलाड़ी : खेल मंत्री
खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि आज यहां जो भी खिलाड़ी हारे हैं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। वह यहां से संकल्प लेकर जाएं और अगली बार विजेता बनने के लिए आएं। उन्होंने कहा कि पहलवानों को अवसर उपलब्ध कराने में गोरखनाथ मंदिर में होने वाली पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
युवाओं को मजबूत होना जरूरी : सांसद
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी की मंशा भारत को विश्व गुरु बनाने की है। इसको पूरा करने के लिए युवाओं का शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत होना जरूरी है। पीएम और सीएम ने खेल व खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए संसाधन, पुरस्कार से लेकर नौकरी तक हर प्रकार की व्यवस्थाएं की हैं।