101 केंद्रों पर आयोजित हुई परीक्षा, 51120 अभ्यर्थी थे पंजीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) रविवार को 101 केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा को शुचितापूर्ण संचालित कराने के लिए दो जोन ए व बी बनाए गए थे। जोन ए जोन में 56 व बी में 45 केंद्र शामिल रहे। 8515 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
दो पालियों में आयोजित परीक्षा में पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की दोपहर 2:30 से शाम पांच बजे तक हुई। दोनों पालियों को मिलाकर 8515 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
सीटेट कोआर्डिनेटर अजित दीक्षित व डाॅ. सलिल के श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम पाली में हुई द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा में दोनों जोन में कुल 51120 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें से 45825 उपस्थित व 5295 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में हुई पहले प्रश्नपत्र की परीक्षा में कुल पंजीकृत 25500 अभ्यर्थियों में से 22280 उपस्थित व 3220 अनुपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी तरह की अव्यवस्था सामने नहीं आई। नौ बजे तक पहुंचने वालों को ही परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई। सभी केंद्रों पर सीबीएसई द्वारा तैनात पर्यवेक्षकों ने परीक्षा की शुचिता पर नजर रखीं।