- जिला अस्पताल की ओपीडी में बढ़ रही भीड़
- प्रतिदिन 150 से अधिक मरीज वायरल जैसे लक्षणों के साथ पहुंच रहे अस्पताल
- सोमवार को 2207 मरीज पहुंचे ओपीडी में, इनमें 391 जनरल मेडिसिन विभाग में
गोरखपुर। मौसम में बदलाव के साथ शहर में बुखार, खांसी और शरीर दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 150 से अधिक मरीज ऐसे पहुंच रहे हैं, जिन्हें तेज बुखार, बदन दर्द, खांसी और कमजोरी की शिकायत है। सुबह ओपीडी खुलते ही मरीजों की लंबी नाइन लग जा रही है और दोपहर तक भीड़ बनी रहती है।
सोमवार को जिला अस्पताल के विभिन्न विभागों की ओपीडी में कुल 2207 मरीज पहुंचे। इनमें से 391 मरीज जनरल मेडिसिन विभाग में पहुंचे। अधिकांश मरीज वायरल संक्रमण जैसे लक्षणों से प्रभावित मिले। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इस समस्या से प्रभावित हो रहे हैं।
शहर के रानीबाग क्षेत्र से आईं रीना ने बताया कि चार दिनों से तेज बुखार और शरीर दर्द बना हुआ है, साथ में खांसी भी बढ़ गई है, कमजोरी अधिक है।जंगल सिकरी, खोराबार निवासी कलकलता ने बताया कि पिछले तीन दिन से लगातार कमजोरी और बदन दर्द के कारण अस्पताल आना पड़ा, जांच में टायफाइड निकला। डॉक्टर ने आराम करने की सलाह दी है।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. बीके सुमन ने बताया कि मौसम बदलने पर वायरल संक्रमण तेजी से फैलता है। अधिकतर मरीजों में वायरल फीवर के साथ शरीर दर्द और खांसी के लक्षण मिल रहे हैं। जांच के बाद ही बीमारी का सही पता चल पा रहा है। अधिकांश मरीजों में टायफाइड की शिकायत मिल रही है। बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।