अयोध्या स्टेशन से महज चार किलोमीटर दूर स्थित रामघाट हाल्ट स्टेशन को श्रद्धालुओं के लिहाज से साधन संपन्न बनाया जाएगा। यहां करीब साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपर्पज बिल्डिंग निर्माण समेत अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। इससे यात्रियों को यहां कुछ देर विश्राम करने और अयोध्या में दर्शन पूजन करने वालों को सहूलियत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: ज्ञान डेयरी का नवरात्र के पहले दिन मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अयोध्या-मनकापुर खंड पर स्थित इस रामघाट हाल्ट स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सर्कुलेटिंग एरिया का विकास किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन का सुंदरीकरण, प्लेटफॉर्म सरफेस का अपग्रेडेशन, स्टेशन परिसर में नई लाइट व्यवस्था, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्पले बोर्ड, डिजिटल घड़ी, यात्री उद्घोषणा प्रणाली, सोलर प्लांट, वाटर कूलर, एयर कंडीशनर समेत अन्य यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्य होंगे। इसके अलावा ग्लोसाइन बोर्ड (साइनएज), एलईडी स्क्रीन पर स्टेशन नाम और यात्री प्रतीक्षालय व शौचालय का भी विकास किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: प्रेमचंद और उसके इन चार साथियों के मकान पर गरजेगा बाबा का बुलडोजर, राह से हटा आखिरी रोड़ा
रामघाट हाल्ट रेलवे स्टेशन सरयू नदी के किनारे है। अभी यहां से तीन ट्रेनें गुजरती हैं, जिससे प्रतिदिन लगभग 200 यात्रियों का आवागमन होता है। इस स्टेशन से भगवान श्रीराम का मंदिर, हनुमान गढ़ी, कंचन भवन, श्रीराम पैड़ी घाट नजदीक है। रामनवमी पर लगने वाले मेले के दौरान इस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती है। अगले साल से इस स्टेशन पर भीड़ बढ़ जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस स्टेशन का विकास किया जा रहा है।