गोरखनाथ पुलिस ने बच्चों से लोगों की जेब से मोबाइल फोन चोरी कराने वाले गिरोह के पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। सभी झारखंड व पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और गोरखनाथ इलाके के एक मकान में किराए पर रहते थे। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी के 24 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत तीन लाख के करीब है।
इनके पास से पुलिस ने एक धारदार हथियार व तमंचा भी बरामद किया है। गिरोह के पकड़े जाने से गोरखनाथ में दर्ज चार मोबाइल फोन चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश भी हुआ है। पुलिस को गिरोह के सरगना की तलाश है। सीओ ने बताया कि इस गिरोह के कब्जे से पुलिस ने एक 12 वर्ष के बच्चे को भी छुड़ाया है। उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
मंगलवार दोपहर गोरखनाथ थाने में गिरोह के गुर्गों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए सीओ गोरखनाथ/सीओ क्राइम रत्नेश सिंह ने बताया कि गोरखनाथ पुलिस ने इंस्पेक्टर रामज्ञा सिंह के नेतृत्व में सोमवार रात हुमायूपुंर चौराहा स्थित देवानंद कुशवाहा के मकान से अंतरराज्यीय मोबाइल फोन चोर गिरोह की महिला समेत पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उनकी पहचान रविउल शेख निवासी सुल्तानगंज, कालियाचक, पश्चिम बंगाल, यहीं के जमीरूल शेख, राहुल कुमार निवासी बाबूपुर टिम्पाहार, झारखंड और यहीं की संतोषी देवी व मुन्ना कुमार के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे देवानंद के मकान में किराए पर रहते थे। उन्हें इस बारे में बारे में जानकारी नहीं थी। गिरोह में बच्चे भी हैं। बच्चे भीड़भाड़ इलाके से लोगों की जेब से मोबाइल फोन चुरा लेते हैं। चोरी के मोबाइल फोन को झारखंड व पश्चिम बंगाल में बेचा जाता है। पुलिस अब गिरोह के सरगना की तलाश में जुटी है।