- गीडा में फूड प्रोसेसिंग से जुड़े उद्योगों पर संकट
अमर उजाला
गोरखपुर। कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कमी के कारण गीडा में फूड प्रोसेसिंग से जुड़े छोटे और मध्यम उद्योग संकट का सामना कर रहे हैं। ब्रेड, बिस्किट, नमकीन और पास्ता बनाने वाली लगभग 50 से अधिक यूनिटें उत्पादन प्रभावित होने से बंद होने की कगार पर पहुंच गई हैं। उद्योगपतियों का कहना है कि यदि जल्द ही कॉमर्शियल सिलिंडर की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो कई इकाइयों को अस्थायी रूप से ताला लगाना पड़ सकता है।
गीडा और इंडस्ट्रियल एस्टेट क्षेत्र में फूड यूनिटों में में रोजाना बड़ी मात्रा में गैस की जरूरत होती है। कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति ठप होने से उद्यमियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। नमकीन उद्योग से जुड़े उद्यमी देवानंद ने बताया कि गैस की कमी के कारण उन्हें मजबूरन लकड़ी का उपयोग करना पड़ रहा है। लकड़ी पर एक समान आंच नहीं मिलती। इससे उत्पाद की गुणवत्ता प्रभावित होती है और उत्पादन भी कम हो जाता है। इस समस्या के चलते कई उद्यमियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आरएन सिंह ने कहा कि कॉमर्शियल सिलिंडर की कमी के कारण फूड से जुड़ी 50 से अधिक यूनिटें बंद होने के कगार पर हैं। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि जल्द से जल्द गैस की आपूर्ति सुचारु कराई जाए, ताकि उद्योगों को राहत मिल सके और उत्पादन सामान्य रूप से जारी रह सके।