अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। चिलुआताल इलाके के नकहां रेलवे स्टेशन के पास रेलवे गार्ड केविन में खुदकुशी करने वाले युवक के घरवालों ने एसएसपी से मुलाकात कर हत्या का आरोप लगाया है। घरवालों का कहना है कि एक लड़की के परिजनों ने बुलाकर के घर पर मारपीट कर हत्या की और फिर शव को ले जाकर लटका दिए हैं। मामले को सुसाइड को रूप देने के लिए जबरन वीडियो बनवाया गया।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ एरिया के चक्सा हुसैन निवासी मोहम्मद अजीमुल्लाह का बेटा सोनू बाइक मैकेनिक था। उसकी जान पहचान मोहल्ले की एक युवती संग थी। दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेम संबंध चल रहा था। यह बात युवती के घर वालों को पसंद नहीं थी। शुक्रवार की शाम चार बजे युवती ने युवक को फोन करके अपने पास बुलाया। इसी बात को लेकर दोनों परिवार में कहासुनी हुई। विवाद होने पर पास पड़ोस के लोगों ने मामला शांत कराया।इसके बाद अचानक सोनू लापता हो गया फिर उसकी लाश मिली। पुलिस मामले को खुदकुशी मानकर जांच कर रहे हैं सोनू के मोबाइल से एक वीडियो भी मिला जिसमें उसने खुदकुशी की बात कही है। परिजनों का कहना है कि एक अन्य युवक से गुरुवार को सोनू का झगड़ा हुआ था। लेकिन चिलुआताल पुलिस ने उनकी तहरीर नहीं ली। रविवार को परिजन एसएसपी से मिलने पहुंचे और केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।