गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र के कोल्हुई में मंगलवार को एक युवती की लाश छत के कुंडे के सहारे रस्सी के फंदे से लटकी मिली। बताया जा रहा है कि पति ने एक आपत्तिजनक फोटो वायरल कर दिया था। इससे आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया है।
मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, मृतका की मां प्रभावती देवी ने दामाद पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी है। पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, कोल्हुई निवासी रामतेज निषाद की पुत्री रंजना निषाद (20) की लाश मंगलवार शाम को छत के कुंडे से लटकी मिली। रंजना का पैर जमीन से छू रहा था। उसकी मां प्रभावती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि उनकी पुत्री की शादी दो वर्ष पहले रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी शिव कुमार निषाद से हुई थी। शादी के बाद से शिव कुमार साथ ले जाने को तैयार नहीं था। वह उसे मानसिक रूप से परेशान करता था।
इन दिनों उसने बेटी का आपत्तिजनक फोटो वायरल कर दिया था। इसके बाद बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया है। इंस्पेक्टर गीडा विनय कुमार सरोज ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।