उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में तरयासुजान थाना क्षेत्र के सुमही बुजुर्ग उर्फ मेहदिया गांव के मदरसे पर छापा मारकर पुलिस ने रविवार को तीन मौलानाओं को गिरफ्तार कर लिया। इन पर लॉकडाउन के दौरान मदरसा संचालित करने का आरोप है। मदरसे में पढ़ने वाले सभी बच्चों को उनके घर भेज दिया गया है।
पुलिस को रविवार को तरयासुजान थाने के सुमही बुजुर्ग उर्फ मेहदिया गांव में मदरसा संचालित होने की सूचना मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मदरसा तालीम कुरान पर छापा मारा और वहां से बिहार के तीन मौलानाओं को गिरफ्तार कर लिया।
इनमें शमशेर रजा ग्राम मरियम थाना वलिया जिला कटिहार, मोहम्मद आजम निवासी सिहरौल थाना वलिया जिला कटिहार तथा मुहम्मद नुरैन निवासी परसा डुमरिया थाना मझौलिया, जिला पश्चिमी चंपारण बिहार शामिल हैं। ये लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर अनवरत मदरसे को संचालित कर रहे थे।
इन पर बीते शुक्रवार को समूह में जुमे की नमाज पढ़ने का भी आरोप है। पुलिस ने तीनों आरोपी मौलानाओं के खिलाफ महामारी एक्ट और निषेधाज्ञा उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में तरयासुजान के एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ चल रही है। इसके बाद इन्हें जेल भेजा जाएगा।