उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के छावनी थानाक्षेत्र में आठवीं की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और तीन युवकों को पकड़ तो लिया, लेकिन बाद में वे खुद को छुड़ाकर भाग निकले।
पीड़िता के साथ परिवार के लोग थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप सहित पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।
घटना बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे की बताई जा रही है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में धनिया की पत्ती लाने गई थी। वहां पड़ोस के गांव के विक्की सिंह, कलराज मिश्र और सुनील मिश्र ने उसे पकड़ लिया। उसके बाद सरसों के खेत में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक रविंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी शेष मणि उपाध्याय ने प्रभारी निरीक्षक विकास यादव के साथ घटनास्थल का जायजा लिया।
एसपी हेमराज मीणा का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है।