बेटी को बुधवार को चंदन ने यह कहते हुए बुलाया कि बातचीत का ऑडियो उसके सामने उड़ा देगा। बहकावे में आकर बेटी गांव में ही स्थित बगीचे में पहुंच गई, जहां पर चंदन समेत चार युवक मौजूद थे। ऑडियो को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई। इस दौरान युवकों ने बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी।
शोर सुनकर गांव के कुछ लोग पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। घटना से आहत किशोरी घर पहुंची और मामले की जानकारी परिजनों को दी। बाद में माता-पिता काम पर चले गए तो किशोरी ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
शाम को घर लौटे पिता ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। पिता ने खिड़की से झांककर देखा तो बेटी फंदे से लटकी थी। पिता ने किसी तरह घर के अंदर प्रवेश किया, फिर गांव वालों की मदद से उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पिता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्काल केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आरोपियों में दो किशोरी के चचेरे भाई
जानकारी के मुताबिक, जिन चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, उसमें से दो किशोरी के चचेरे भाई हैं। युवक ने किशोरी के चचेरे भाइयों के साथ मिलकर पिटाई की थी, जिससे किशोरी ज्यादा आहत थी।
गांववालों के मुताबिक, मामला छेड़खानी का ही है। पुलिस को भी पहले सूचना छेड़खानी से आहत होकर खुदकुशी करने की दी गई थी। लेकिन बाद में पिता ने तहरीर में सिर्फ मारपीट से आहत होकर खुदकुशी की बात लिखी। हालांकि मारपीट क्यों की गई, इसकी जानकारी तहरीर में नहीं है।
घर में मौजूद रिश्तेदार ने बताया
तहरीर में दिए गए मोबाइल नंबर पर जब संपर्क किया गया तो किशोरी की मौसेरी बहन ने फोन उठाया। मौसेरी बहन के मुताबिक, मामला कई दिनों से चल रहा था। छेड़खानी भी हुई थी और गांव का मामला होने की वजह से सुलह समझौता हो गया था। फिर युवकों ने पिटाई कर दी। इस कारण किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं। तहरीर के मुताबिक किशोरी से मारपीट की गई थी। इससे आहत होकर किशोरी के खुदकुशी करने की बात सामने आ रही है। पूरे मामले की जांच हो रही है।