सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के तेनुई गांव में शनिवार को मंदिर में पूजा करने के लिए दो भाइयों में टकराव हुआ। जमकर हंसिया और कुल्हाड़ी चली। मारपीट की इस घटना में सात लोग जख्मी हो गए। सभी को भनवापुर पीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
त्रिलोकपुर क्षेत्र के तेनुई गांव के दो सगे भाई नरेंद पांडेय और कपिलदेव पांडेय कई वर्ष से अलग रहते हैं। घर व अन्य जमीन का अपना-अपना हिस्सा लेकर जीवन यापन करते हैं। घर के सामने एक शिव जी का मंदिर है। इसमें घर के परिवार के साथ गांव के लोग पूजा-अर्चना करते हैं।
शनिवार सुबह करीब छह बजे छोटे भाई कपिलदेव पांडेय की पत्नी सूरसती शिव मंदिर में पूजा करने गईं, जहां बड़े भाई नरेंद्र की पत्नी ने यह कहकर पूजा के लिए मना कर दिया कि मंदिर उनके हिस्से में है। इसी बात पर कहासुनी होने लगी और दोनों भाइयों के पत्नी व बच्चे इकट्ठा हो गए और दोनों परिवारों के बीच हाथापाई के बीच हंसिया, कुल्हाड़ी लाठी-डंडे चलने लगे।
इसमें कपिलदेव पांडेय और उनकी पत्नी सूरसती का सिर फट गया। पुत्री लक्ष्मी और पुत्र शिवम का हाथ टूट गया। सूरसती की तहरीर पर सभी को पुलिस ने पीएचसी भनवापुर भेजा। जहां से डॉक्टरों ने लक्ष्मी, कपिलदेव तथा सूरसती की हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष के बड़े भाई नरेंद्र पांडेय उनकी पुत्री निधी का सिर फट गया और पत्नी नीलम को हल्की चोर्टें आइं हैं। जिन्हें इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर रणधीर कुमार मिश्र ने कहा कि शिव मंदिर में पूजा करने को लेकर विवाद हुआ है। सूरसती की तहरीर पर चार और नरेंद्र की तहरीर पर तीन लोगों पर मारपीट सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।