जिला प्रशासन ने दो करोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद ज्वालापुर के सील क्षेत्र को एक बफर और तीन अन्य क्षेत्र में बांट दिया है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि जिले में कोरोना के पॉजीटिव मामले सामने आने के बाद बनी परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
इसके लिए हर संभव प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। जनता से उन्होंने इस महामारी के समय लॉकडाउन समेत हर मामले में भरपूर सहयोग करने की अपील की। एसएसपी सेंथिल अवुदई कृष्णराज एस के साथ बृहस्पतिवार की शाम नगर निगम सभागार में वार्ता करने के बाद डीएम सी रविशंकर ने बताया कि सील क्षेत्र में किसी भी तरह की आवाजाही बंद कर दी गई है। जरूरी सामान केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही पहुंचाया जा रहा है।
एक दो दिन में और बेहतर सुधार होगा। उन्होंने बताया कि जिले में मरीजों को आइसोलेट करने के लिए करीब एक हजार बेड की व्यवस्था की जा रही है। 45 हजार से ज्यादा लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया पीपीई की 750 किट ऊधमसिंह नगर से मंगाई गई हैं। जगजीतपुर में कोरोना से निपटने के लिए प्रस्तावित 500 बेड के अस्पताल का निर्माण दो महीने के अंदर करने का उन्होंने दावा किया।
एसएसपी सेंथिल अवुदई कृष्णराज एस ने बताया कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। 24 मार्च की रात में लॉकडाउन लागू होने के बाद जमाती 31 मार्च को कैसे ज्वालापुर पहुंच गए, इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। इसकी जांच करा रहे हैं। जिस स्तर पर भी लापरवाही पाई जाएगी, इस बारे में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य नगर आयुक्त नरेंद्र भंडारी भी मौजूद रहे।