गोरखपुर जिले में गीडा इलाके के छोटी कैली गांव में रविवार को संजू देवी की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस सीडीआर (कॉल डिटेल रिकार्ड) खंगाल रही है। घटना के तीन दिन बाद भी कोई अहम सुराग नहीं लग सका है।
पुलिस नामजद आरोपी सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन उससे भी कुछ खास हासिल नहीं हो सका। उधर, परिवार वाले संजू की बहू के प्रेम विवाह को ही हत्या की वजह बता रहे हैं। फिलहाल, पुलिस की तीन टीमें छानबीन में जुटी हैं। उनका दावा है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार की रात में बरामदे में सोई संजू के सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। बगल में ही 12 साल का बेटा सुनील सोया था, लेकिन उसे इसकी जानकारी रविवार की सुबह हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी कि इसी बीच संजू के ससुर ने नामजद तहरीर देकर मृतका की बहू के चाचा सुरेश पर हत्या का केस दर्ज करा दिया।
अब पुलिस संजू, सुरेश और कुछ घरवालों के मोबाइल फोन नंबरों का सीडीआर खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इसी की मदद से कातिल तक पहुंचा जा सकता है।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीडीआर खंगाला जा रहा है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। नामजद आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।