बस्ती जिले के परशुरामपुर क्षेत्र के बेदीपुर बाजार में स्थित देसी शराब की दुकान के 40 वर्षीय मुनीम लालमणि पांडेय को सरेराह बदमाशों ने गोली मार दी। चर्चा है कि बदमाशों ने मुनीम के पास मौजूद 50 हजार रुपये लूट लिया।
जानकारी के मुताबिक, रोज की तरह मुनीम लालमणि पांडेय शुक्रवार रात दुकान बंद कर गांव की तरफ बाइक से निकले। डुहवा पांडे गांव से करीब दो किमी पहले घात लगाए बैठे बदमाशों ने रात में करीब 10 बजे मुनीम को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मुनीम को जिला अस्पताल अयोध्या पहुंचाया। जहां पेट में फंसी एक गोली निकाल ली गई। वहीं जांघ में लगी गोली निकालने के लिए डॉक्टरों का प्रयास जारी है। चर्चा है कि घायल लालमणि ने पुलिस को कुछ बयान दिया है लेकिन पुलिस अभी बताने से बच रही है। सीओ शेषमणि उपाध्याय के मुताबिक छानबीन की जा रही है।