इलाके के पिपरा गांव में शुक्रवार की देर शाम ससुराल आए युवक को मनबढ़ों ने खंभे में बांधकर पिटाई की। इसकी जानकारी होने पर पत्नी मौके पर पहुंची और पति को मुक्त कराई। पीड़ित की पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर पीटने के साथ ही तीन हजार नकदी व मोबाइल फोन लूट लेने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र के मिठाईनगर मोहल्ला निवासी चंदन शर्मा की शादी हरपुर बुदहट क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी रामराज की बेटी लक्ष्मी के साथ हुई है। चंदन गोरखपुर में किराए पर कमरा लेकर रहते हैं। इधर कुछ दिनों से मां की तबीयत खराब होने पर लक्ष्मी मायके आई है।
चंदन शुक्रवार की शाम को ससुराल आए थे। गांव के बाहर पान की दुकान पर वह गुटका लेने लगे। आरोप है कि दुकान में मौजूद गांव का पन्नेलाल मजाक करने लगा। चंदन के विरोध करने पर वह दो-तीन अन्य लोगों को बुला लिया। उसके बाद आरोपितों ने चंदन को बिजली के खंभे में बांध कर पिटाई शुरू कर दी। हरपुर बुदहट थाने के प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की पत्नी ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। जांच की जा रही है।