उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के गांव मोतीपाकड़ निवासी एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य खेत मे काम करने गए हुए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये है मामला
मिली जानकारी के मुताबिक रामकोला थाना क्षेत्र के गांव मोतीपाकड़ बड़का टोला निवासी अनिल सिंह शुक्रवार को थाना क्षेत्र के गांव मोरवन के टोला तिवारी छपरा निवासी चंडी सिंह के घर से अपनी पत्नी को बुलाकर लाया था। अनिल के भाई सुजीत ने बताया कि बड़े भाई ने शनिवार की सुबह करीब आठ बजे घर की कुंडी में फांसी से लटक कर अपनी जान दे दी।
सूचना मिलने पर वह अपने परिवार के साथ घर पहुंचा और उन्हें लेकर रामकोला सीएचसी गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे रामकोला एसओ धर्मेन्द्र सिंह, एसआई संदीप सिंह व हमराहियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में रामकोला एसओ धर्मेन्द्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।