उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खोराबार थाना क्षेत्र के कुसम्ही बाजार में स्थित मोहनलाल गिरधारी ज्वैलर्स नाम की दुकान से बदमाश 2.60 लाख नकदी समेत 37 लाख के गहने की लूट हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार की रात मालिक के भांजे को पिस्टल के दम पर बंधक बनाकर बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों की संख्या चार बताई जा रही है।
उधर, सोमवार की सुबह शौचालय में बंद भांजे ने दरवाजा तोड़कर शोर मचाया जिसके बाद पड़ोसियों ने दुकान मालिक गिरधारी लाल को फोन कर घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पाते ही गिरधारी दुकान पर पहुंच गए और फिर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सीओ कैंट सुमित शुक्ला फोर्स, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। वहीं बदमाश दुकान में लगे सीसी टीवी कैमरे को बॉक्स सहित उठा ले गए हैं।
ये है पूरा मामला...
जानकारी के मुताबिक, कुसम्ही के रुद्रपुर टोला निवासी गिरधारी लाल की मुख्य बाजार में ही मोहनलाल गिरधारी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। दुकान में भांजा गणेश रात में सोया करता था। रविवार की रात एक बजे के करीब दुकान के पीछे का ग्रील गैस कटर से काटकर चार बदमाश अंदर दाखिल हो गए।
अंदर आते ही गणेश को पिस्टल सटा दिया और गोली मारने की धमकी दी। फिर बदमाशों ने गणेश को शोर ना मचाने की धमकी देते हुए बाथरूम में बंद कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने गैस कटर से तिजोरी को काटा और उसमें रखा 2.60 लाख रुपये नकद, 350 ग्राम सोने के गहने, 15 किलो चांदी के गहने 50 से 60 ग्राम ग्राहकों के सोने के गहने उठा ले गए।
गहनों की कीमत दुकानदार ने करीब 35 लाख रुपये बताई है। भोर में करीब चार बजे दुकान में खटपट ना होने पर गणेश को लगा कि बदमाश चले गए है तब उसने बाथरूम के एल्युमिनियम के दरवाजे को तोड़ा और बाहर आया। पीछे के रास्ते ही वह बाहर जाकर शोर मचाया जिसके बाद पड़ोसी वहां पर पहुंच गए। घटना से आसपास के व्यापारियों में गुस्सा तो वहीं वह डरे सहमे भी है।
सीओ कैंट सुमित शुक्ला ने कहा कि पुलिस को तहरीर मिली है। व्यापारी ने दुकान में बदमाशों के घ़ुसकर चोरी करने की बात बताई है। आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम लगी है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।