उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मासूम के साथ दुष्कर्म मामले में पुलिस की आपात सेवा 112 का नंबर नहीं मिलने की जांच शुरू हो गई है। एडीजी असीम अरुण ने पीड़िता के गांव में अधिकारियों को भेजकर मामले की जानकारी ली है। साथ ही नेटवर्क की समस्या के बारे में टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) और दूरसंचार विभाग को पत्र लिखा है।
एडीजी असीम अरुण ने लोगों से अपील की है कि यदि 112 नंबर सीधे फोन से न लगे तो ऐसी स्थिति में नागरिक 0522-112 नंबर डायल करें। उन्होंने बताया कि जिले में कार्यरत मोबाइल कंपनियों के अधिकारियों को नेटवर्क जांचने के लिए कहा गया है।
यह जानकारी मिली है कि कभी-कभी नेटवर्क के चलते कहीं भी फोन नहीं मिलता है। पीड़िता के गांव पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों के सामने कॉल कर मुख्यालय में तैनात अधिकारियों से वार्ता की।
बता दें कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मासूम के पिता ने सबसे पहले 112 पर कॉल किया, लेकिन नंबर नहीं लगा। इसके बाद गांव के लोगों ने भी 50 से अधिक बार नंबर डायल किया, लेकिन निराशा हाथ लगी। मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की पड़ताल की।