गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के हरसेवकपुर नंबर दो चौहान टोला की रहने वाली जिस महिला के शव से आंख गायब हो गई थी, उसकी दहेज हत्या के आरोप में मंगलवार को पुलिस ने पति नितेश चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया। उधर, शव से आंख गायब होने के मामले में मंगलवार को भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि मामला स्वास्थ्य विभाग का है, उसे जांच पड़ताल करनी चाहिए। भवन खराब है तो उसकी मरम्मत स्वास्थ्य विभाग को करानी चाहिए।
जानकारी के अनुसार, बीते 31 दिसंबर को चौहान टोला की अनुराधा उर्फ रानी की लाश कमरे में पंखे से लटकी मिली थी। गुलरिहा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। ससुरालवालों ने इसे आत्महत्या बताया था, लेकिन मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या बताते हुए केस दर्ज कराया था। पुलिस ने शव के पंखे से उतारे जाने व पोस्टमार्टम भेजने की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराई थी।
पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को दे दिया गया था। इस बीच अनुराधा की दाहिनी आंख गायब होने की एक तस्वीर सामने आई। तस्वीर में महिला वही साड़ी पहनी थी, जो पुलिस के पास उस समय की फोटो में है, जब पोस्टमार्टम भेजा गया था। अभी तक यह सामने नहीं आ सका कि महिला की आंख गायब कब और कैसे हुई।
पुलिस का दावा है कि घर से मोर्चरी भेजे जाने तक आंख मौजूद थी, इसके साक्ष्य भी उसके पास हैं। उधर मंगलवार को दहेज हत्या की जांच कर रहे सीओ चौरीचौरा दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी पति नितेश को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
जर्जर घोषित होने के बाद भी पुराने पोस्टमार्टम हाउस में रखे जाते हैं शव
मेडिकल कॉलेज में स्थित पुराने पोस्टमार्टम हाउस का भवन।
- फोटो : अमर उजाला।
मेडिकल कॉलेज स्थित पुराने पोस्टमार्टम हाउस का भवन जर्जर घोषित हो चुका है। इस नाते नया पोस्टमार्टम हाउस भवन बना है। लेकिन शवों को पुराने पोस्टमार्टम हाउस के भवन में ही रखा जाता है। पुराना भवन कई जगहों पर टूटा फूटा है। खिड़कियां भी टूटी हैं, जहां से चूहों आदि के अंदर जाने का खतरा बना रहता है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि आंख को चूहों ने ही कुतर दिया होगा।
इंस्पेक्टर गुलरिहा रवि राय ने बताया कि शव को सील करते समय वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी हुई थी। आंख पूरी तरह सुरक्षित थी। कोई तहरीर भी नहीं है। पूरा मामला स्वास्थ्य विभाग से संबंधित है।
गोरखपुर सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि पंचनामे में आंखों में चोट का जिक्र था। रही बात आंखों के चूहे के कुतरने की, तो इसकी जानकारी नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार है, जो कोर्ट में जाएगी। जिसे देखने का अधिकार हमारे दायरे में नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका जिक्र होगा तो कोर्ट के आदेश पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।