गोरखपुर चौरीचौरा पुलिस ने गुरुवार की रात में मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर भीम पासवान को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी सुजीत पासवान अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। दोनों पुलिस पर हमला करने के आरोपी जेल में बंद शातिर मिथुन के साथी हैं और उसी के गांव चौरीचौरा के रौतेनिया गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, भीम व सुजीत योजना बनाकर लूट की घटना को अंजाम देने जा रहे थे। सूचना पर गई पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगे थे। घेराबंदी कर पुलिस ने भीम को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से भीम के पास से एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा कारतूस व 1.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि चौरीचौरा थानेदार संतोष अवस्थी अपने हमराहियों के साथ गुरुवार की रात गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली की दो बदमाश पंसरही पुलिया के पास बाइक से हैं और लूट की घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। पुलिस ने उनकी घेराबंदी की तो पीछे बैठे बदमाश ने फायरिंग कर दी।
खुद का बचाव करते हुए पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, भीम व सुजीत शातिर बदमाश मिथुन के साथी हैं और उसके गैंग के सदस्य है। अभी कुछ दिन पहले ही चौरीचौरा पुलिस ने मिथुन व उसके मामा धीरू समेत छह को गिरफ्तार किया था। मिथुन के साथ मिलकर ये सभी कई बार पुलिस पर हमला कर चुके हैं।
एसपी नार्थ ने बताया कि पकड़े गए भीम पासवान पर चोरी, लूट, पुलिस मुठभेड़, सेवन सीएलए, गैंगेस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास के आरोप में कैंट, चौरीचौरा, खोराबार थाने में कुल 20 केस दर्ज हैं। जिसमें से कैंट में दस, खोराबार में दो व चौरीचौरा आठ केस हैं। वहीं फरार हुए सुजीत पासवान पर खोराबार थाने में लूट, चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट में 8 केस दर्ज हैं।
पुलिस ने भीम व सुजीत के खिलाफ चौकी इंचार्ज मदन मोहन मिश्रा की तहरीर पर हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है। पुलिस ने पकड़े गए भीम को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया।