गोरखपुर में नकली दवाओं के कारोबार के तार भालोटिया मार्केट से जुड़े बताए जा रहे हैं। विभाग के रडार पर भालोटिया मार्केट के सगे भाई हैं, जो दवा का काम काफी दिनों से करते हैं। इनकी दुकान एक विशेष कटरे में हैं। इसके अलावा अली नगर में हुई छापेमारी के बाद दवा व्यापारी और उसका भाई फरार चल रहा है। यहां भी दोनों भाई हैं, जो दवा का काम करते हैं। सूत्रों की माने तो इन दवा व्यापारियों को बचाने में कई बड़े लोग पर्दे के पीछे से आ खड़े हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक जिले में नकली दवाओं का बड़ा कारोबार फैला है। इसकी जानकारी विभाग को एक माह पूर्व लगी थी। लेकिन विभाग को नकली दवाओं का पता नहीं चल पा रहा था। लेकिन इस बीच 10 जनवरी को विभाग ने अलीनगर में एक व्यापारी के घर से करीब आठ लाख रुपये की दवाएं बरामद की।
कार्रवाई के दौरान व्यापारी मौके से फरार हो गए। दवाएं विभाग के कब्जे में हैं। इस बीच व्यापारी एक और भाई फरार हो गए। बताया जाता है कि वह भी दवा का कारोबार करता है। दोनों भाईयों का गठजोड़ ऐसा है कि वह लोग शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में सस्ते दामों में दवाएं बेचने का काम करते हैं।
विभाग की ओर से लगातार की जा रही जांच के बीच अब दोनों भाई कई बड़े लोगों से संपर्क साधकर मामले को मैनेज करने में जुटे हुए हैं। इसके लिए पर्दे के पीछे से बड़े स्तर से पैरवी भी कराई जा रही है।