झंगहा गांव के महुआली टोला में महिला को झांसा देकर बुलेट सवार जालसाज सोने की चेन लेकर फरार हो गया। विश्वास दिलाने के लिए महिला के 13 साल के बेटे को भी आरोपित ने बुलेट पर साथ बैठा लिया, मगर बाजार पहुंचने से पहले ही उसे उतार दिया। आरोपित का चेहरा एक मकान में लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसकी मदद से पुलिस तलाश में जुटी है। पीड़ित नर्मदा देवी पत्नी हरि नारायण पाल ने थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक, हरि नारायण की मां भानमती देवी बृहस्पतिवार की शाम चार बजे के करीब गांव में निकली थीं। इस दौरान एक बुलेट सवार ने नमस्कार करते हुए उन्हें रोक लिया और बोला कि वह उनके ही घर जा रहा था। भइया भेजे हैं, आपकी बहू से काम है। इस पर भानमती ने बहू से बातचीत ना होने का हवाला देते हुए घर का रास्ता बता दिया। घर पहुंचे जालसाज ने नर्मदा को बुलाया और कहा कि आप के सोने की चेन टूट गई है, उसे ठीक कराने के लिए भैया ने भेजा है।
नर्मदा ने पहचानने से इंकार किया तो उसने बोला कि आखिर वह कैसे जान लेता कि उनकी चेन टूटी है। इस पर विश्वास करते हुए नर्मदा ने चेन दे दी और साथ में बेटे विवेक को भी भेजा। झंगहा बाजार से कुछ पहले ही आरोपित ने विवेक को बुलेट से उतार दिया और बोला कि रुपये लेकर आ रहा हूं, तुम बाजार की ओर चलो।
काफी देर इंतजार करने के बाद विवेक घर लौट आया और पूरी बात बताई। महिला और उसके घरवालों ने जालसाज की काफी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। सूचना पर आई पुलिस ने गांव के एक घर के बाहर लगे सीसी टीवी कैमरे से फुटेज हासिल कर लिया है।