उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने घर में घूसकर एक व्यापारी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं सूचना पाकर पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर थाना क्षेत्र के खरैया पोखरा में देर रात बदमाशों ने व्यापारी वेद प्रकाश (30) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। गोली चलने पर परिवार के लोग दौड़कर आए तो बदमाश फायर करते हुए पैदल भागे और आगे जाकर साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
परिवार के लोग आनन फानन घायल को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे मगर उसकी रास्ते में ही मौत हो गई थी। सूचना पाकर एसएसपी दिनेश कुमार पी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने रंजिश से इंकार किया है। पुलिस सर्विलांस और सीसी टीवी कैमरे की मदद से जांच में जुट गई है। घटना की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है। सीसी टीवी फुटेज व अन्य स्रोतों की मदद से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।