उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गुरवलिया बाजार स्थित सरकारी अंग्रेजी शराब की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने शराब और नकदी चुरा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। अनुज्ञापी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अनुज्ञापी रेनू सिंह की तरफ से बृहस्पतिवार को तहरीर देकर बताया गया कि बिक्री के 45 हजार रुपये कैश काउंटर में रखकर मुनीब ने निर्धारित समय पर दुकान बंद कर दिया। मध्यरात्रि के आसपास तीन-चार लोग पिकअप से आए। चोरों ने दुकान के शटर का ताला काट दिया।
आवाज सुनकर बगल के दुकानदार ने पूछा तो चोरों ने यह कहकर बरगला दिया कि दुकान के लोग हैं। इसके बाद दुकानदार सो गया। चोरों ने दुकान से शराब पिकअप पर लाद लिया और कैशबॉक्स तोड़कर रुपये चुरा ले गए।
कुछ देर बाद बगल के दुकानदार को संदेह हुआ तो वह दुकान पर पहुंचा। स्थिति देख उसने शोर मचाया। सूचना पर गश्त कर रही पुलिस ने चोरों का पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। अनुज्ञापी का कहना है कि चोरी हुए शराब की कीमत लगभग 14 लाख रुपये है।
तुर्कपट्टी थाने के एसओ जितेंद्र सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है। मुकदमा पंजीकृत कर जांच-पड़ताल की जा रही है। चोरों के कुछ सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।