बस्ती में सिपाही पर हमला कर संतकबीरनगर होते हुए भाग रहे पशु तस्करों ने सिकरीगंज क्षेत्र में पीछा कर रही पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं और पथराव कर पुलिस की दो गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। तस्करों ने बाइक सवार पुलिसकर्मियों को कुचलने की भी कोशिश की।
विज्ञापन
पुलिस से बचने के लिए एक गांव में घुसे तस्करों में से चार को लोगों ने पकड़कर जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले किया। कुआनो नदी में कूदकर भाग रहे तीन तस्करों को बेलघाट थाने की पुलिस ने दबोच लिया। सभी तस्कर आजमगढ़ के रहने वाले हैं। एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव और सीओ खजनी योगेंद्र नारायण कृष्ण ने तस्करों से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात पिकअप सवार कुछ तस्करों को बस्ती के लालगंज थाने की पुलिस ने रोका तो उन्होंने राड से हमला कर सिपाही को घायल कर दिया और संतकबीरनगर की ओर भागने लगे। बस्ती पुलिस पीछा करने लगी।
विज्ञापन
वायरलेस के जरिए तस्करों के बस्ती, संतकबीरनगर होते हुए गोरखपुर में घुसने की सूचना मिली। उसके बाद सिकरीगंज, बेलघाट, हरपुर बुदहट, गोला और उरुवा थाने की पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। इस दौरान तस्करों ने धनघटा के बुजुर्गवार दोबौली निवासी रामआशीष की भैंस और खलील का रसोई गैस सिलिंडर को पिकअप पर लाद लिया।
पहिया को किया गया पंक्चर
कुछ लोगों ने पीछा करना शुरू किया तो तस्करों ने पथराव करके एक गांव के प्रधान की कार क्षतिग्रस्त कर दी। उसी दौरान सिकरीगंज थाने के बाइक पीआरवी दस्ता के पुलिसकर्मी अरविंद तिवारी और राकेश यादव ने रोकने की कोशिश की तो तस्करों ने उन्हें कुचलने का प्रयास किया। उसके बाद तस्कर बांसगांव इलाके में घुस गए।
सूचना पर बांसगांव थानेदार भी पीछा करने लगे। घबराए तस्करों ने पथराव कर एसओ बांसगांव की गाड़ी और थाने के पीआरवी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। तस्कर फायरिंग कर उरुवा होते हुए सिकरीगंज की ओर गए। सिकरीगंज इलाके में पुलिस पहले से ही सड़क पर गाड़ी को पंक्चर करने वाले पट्टा बिछा दिया था।
पट्टे पर पिकअप चढ़ने से तस्करों की गाड़ी का पहिया पंक्चर हो गया। उसके बाद भी तस्कर पिकअप लेकर तस्कर भागने लगे। पुलिस उनके पीछे लगी रही। उधर, बेलघाट पुलिस ने भी सोपाइघाट पुल के पास ट्रक खड़ा कर तस्करों की घेराबंदी कर दी।
खुद को चारो ओर से घिरता देख तस्कर सिकरीगंज के रोहारी गांव में घुसे और वहां रास्ता भटक गए। वे गाड़ी से उतरकर पैदल ही भागने लगे। उसके बाद ग्रामीणों ने चार तस्करों को पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। वहीं तीन तस्कर कुआनो नदी में कूदकर उस पार जाने लगे, जिन्हें बेलघाट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए सभी तस्कर आजमगढ़ के हैं। उनमें सकथपुर निवासी शाहनवाज, जगदीशपुर निवासी अंकुर यादव, निऔज निवासी मोहम्मद वाकिफ, सरायमीर निवासी आदिल, मड़ियापार निवासी तबरेज आलम, फूलपुर निवासी राशिद और फैजान शामिल हैं। तस्करों के पकड़े जाने की सूचना पर सुबह से ही थाने पर सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। वे तस्करों को देखने के लिए पूरे दिन थाने पर मौजूद रहे।
एक महीने से दक्षिणांचल में है दहशत
पिछले एक महीने से दक्षिणांचल के बड़हलगंज, गोला, सिकरीगंज, उरूवा, खजनी, बेलघाट आदि इलाकों में पशुओं को उठा ले जाने वाले तस्करों का दहशत है। तस्कर कई लोगों को घायल कर पशुओं को उठा चुके हैं। कुछ दिन पहले उरुवा थाने की पुलिस ने घेराबंदी की थी, लेकिन तस्कर फरार हो गए थे।
उस दिन भी तस्कर कुछ ग्रामीणों को घायल कर दो भैंस उठा लिए थे। अभी हाल ही में बड़हलगंज पुलिस ने चार तस्करों को पकड़ा था, जो पुलिसकर्मियों पर फायरिंग और पथराव कर भाग रहे थे। दहशत का ही कारण है कि रात में सिकरीगंज थाने की पुलिस सड़क पर गाड़ी पंचर करने वाला पट्टा लगाकर चेकिंग करती है।
एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कुछ तस्करों को घेराबंदी कर पकड़ा गया है। अभी उनसे पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है इनके गिरोह के कुछ अन्य साथी भी पकड़े जाएंगे। सभी को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।