तिवारीपुर इलाके में घर लौटते समय हुई वारदात
अज्ञात पर केस दर्ज कर पुलिस कर रही मामले की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। तिवारीपुर इलाके के मिर्जापुर में घर लौट रहे डॉ. मनोज जायसवाल की कार पर मनबढ़ों ने पत्थर फेंक दिया। इससे कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। डॉक्टर का आरोप है कि उन पर जानलेवा हमला किया गया है। पुलिस अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। इस घटना से डॉक्टरों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर निवासी डॉ. मनोज बृहस्पतिवार की रात लगभग 10 बजे सृजन सिद्धि विनायक कूड़ाघाट अस्पताल से मरीजाें को देखकर कार से आवास आ रहे थे। निजामपुर पहुंचते ही घात लगाकर बैठे हमलावरों ने कार पर ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। ड्राइवर ने मौके की नजाकत को देखते हुए वहां से डॉ. मनोज को सुरक्षित बाहर निकाल कर आवास पर पहुंचाया। डॉ. मनोज ने तत्काल घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
डॉ. मनोज पर हुए प्राणघातक हमले से चिकित्सक समुदाय में आक्रोश है। उन्होंने हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। एसओ दीपक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।