गोरखपुर। हॉक स्पोर्ट्स की ओर से आयोजित राजेश कुमार श्रीवास्तव मेमोरियल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का चौथा क्वार्टरफाइनल मैच शुक्रवार को अचीवर्स-11 और तमकुहीराज क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। इसमें तमकुहीराज की टीम ने अचीवर्स-11 को चार विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
एनई रेलवे ग्राउंड पर खेले गए 35 ओवर के मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अचीवर्स-11 की टीम ने 27.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 110 रन बनाए। अचीवर्स के शिवम सिंह ने 17 और धीरज यादव ने 16 रन बनाए। तमकुहीराज के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिव्यांश तिवारी और राजवीर यादव ने महत्वपूर्ण विकेट झटके, जबकि सोनू ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दबाव बनाए रखा।
110 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमकुहीराज की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। सूर्यांश और हर्षित कुशवाहा सस्ते में आउट हो गए। रनवीर ठाकुर ने 50 गेंदों में 27 रन बनाकर पारी को स्थिरता दी, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। प्रिंस सिंह ने बेहद संयमित बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए। अंत में सोनू ने 12 गेंद में नाबाद 10 रन जोड़कर टीम को जीत दिलाई। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए तमकुहीराज के प्रीतम कुशवाहा को ''''प्लेयर ऑफ द मैच'''' चुना गया।