- इंटर क्लब क्रिकेट लीग (ए-डिवीजन) के अंतर्गत खेले गए दो मुकाबले
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। इंटर क्लब क्रिकेट लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत सोमवार को दो मुकाबले खेले गए। इसमें एसकेपी क्रिकेट क्लब बस्ती और एवरबॉड की टीम ने जीत दर्ज कर आगे की राह बनाई।
एनई रेलवे ग्राउंड, गोरखपुर में खेले गए इंटर क्लब क्रिकेट लीग (ए-डिवीजन) के लीग मैच में दर्शकों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। 35 ओवर के इस सीमित ओवर मुकाबले में एसकेपी क्रिकेट क्लब बस्ती ने स्टार इलेवन क्रिकेट एकेडमी को दो विकेट से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्टार इलेवन क्रिकेट एकेडमी की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। विनायक ने 96 गेंदों पर 74 और प्रियांश ने 46 गेंदों पर 50 रन बनाए। एसकेपी क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में अब्दुल काशिफ ने सात ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए। जबकि बृजेश राव और ऋषभ शुक्ला को 1-1 सफलता मिली।
171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसकेपी क्रिकेट क्लब बस्ती की टीम ने 34.2 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाकर मैच को दो विकेट से जीत लिया। अब्दुल काशिफ ने 89 गेंदों पर नाबाद 96 रन बनाए। मैच के हीरो रहे ऑलराउंडर अब्दुल काशिफ रहे, जिन्होंने नाबाद 96 रनों की पारी खेलने के साथ गेंदबाजी में भी 2 विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
सेंटएंड्रयू कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में एवरबॉड ने एएनसीए गोरखपुर को 68 रनों से हराया। 40 ओवर के इस मुकाबले में एवरबॉड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 194 रन बनाए। जवाब में एएनसीए गोरखपुर की टीम 126 रनों पर सिमट गई। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ऋषभ पासवान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।