गोरखपुर। प्रकाश क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित टेनिस बॉल सर्किल क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला मंगलवार को लखनऊ वोल्वोज और पूर्वांचल पैंथर्स के बीच खेला गया। इसमें पूर्वांचल पैंथर्स ने लखनऊ वोल्वोज को हराकर प्रतियोगिता को अपने नाम कर लिया।
पहले क्वालीफायर मैच पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्वांचल पैंथर्स की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 74 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में बल्लेबाजी करती हुई अयोध्या किंग्स की टीम 10 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 57 रन ही बना सकी। इस तरह से इस मुकाबले को पूर्वांचल पैंथर्स की टीम ने 17 रनों से जीत लिया। मैच में मो. शान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरा क्वालीफायर मुकाबला राजस्थान बुल्स और पूर्वांचल पैंथर्स के बीच खेला गया। इसमें पूर्वांचल पैंथर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 56 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करती हुई राजस्थान बुल्स की टीम 10 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 47 रन ही बना सकी। इस तरह से इस मुकाबले को पूर्वांचल पैंथर्स की टीम ने नौ रन से जीत लिया। प्लेयर ऑफ द मैच मोहम्मद शान रहे।
इसके बाद फाइनल मुकाबला लखनऊ वोल्वोज और पूर्वांचल पैंथर्स के बीच खेला गया। इसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ वोल्वोज की टीम ने 10 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 49 रन बनाए। 50 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई पूर्वांचल पैंथर्स की टीम ने 9.5 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। फाइनल मैच के प्लेयर ऑफ द मैच रजत सिंह को चुना गया।
विजेता पूर्वांचल पैंथर्स की टीम ने चमचमाती ट्रॉफी के साथ 16 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं उप विजेता लखनऊ वोल्वोज की टीम को ट्राॅफी के साथ 12 लाख रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया। मुख्य अतिथि कमिश्नर अनिल ढींगरा, धनघटा विधायक गणेश चौहान, जय यदुवंशी, देवेंद्र पाल, इमरान लारी, विनोद कुमार राणा, विजय शुक्ल, मनोज सिंह, बंटी लारी, शंभू प्रताप, नील दुबे, मोहम्मद रफी, शशांक श्रीवास्तव, रंजय सिंह आदि मौजूद रहे।