गोरखपुर। कुसम्ही क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित फ्यूचर चैंप क्रिकेट सीरीज अंडर-16 के चौथे मुकाबले में देवरिया क्रिकेट क्लब ने एनटीसीए को 26 रन से पराजित कर सीरीज में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। इस जीत के साथ देवरिया क्रिकेट क्लब ने पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी एनटीसीए के सामने देवरिया क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में नौ विकेट पर 193 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से गोलू यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 74 गेंदों पर नाबाद 68 रन बनाए। अरुण यादव ने 37 गेंदों पर 41 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि प्रीतम कुशवाहा ने 29 रन का योगदान दिया। एनटीसीए की ओर से पार्थ यादव, अनमोल सिंह और आरुष कुमार ने दो-दो विकेट लिए।
194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनटीसीए के वीर प्रताप सिंह ने 69 गेंदों पर 66 रन की जुझारू पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। अंश सिंह ने 26 रन, अर्नव निषाद ने 16 और पार्थ यादव ने 12 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। पूरी टीम 32.5 ओवर में 167 रन पर सिमट गई। देवरिया क्रिकेट क्लब की ओर से अक्षय शाही और रवि राजभर ने शानदार गेंदबाजी की। अक्षय शाही ने सात ओवर में 40 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि रवि राजभर ने 6.5 ओवर में 28 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। शानदार प्रदर्शन के लिए अक्षय शाही को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।