डीडीयू में आयोजित क्रिकेट मैच की विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करते क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष प्रो. व
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ग्राउंड में शुक्रवार को प्रशासनिक भवन और कैंपस के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। इसमें अभिषेक सिंह की तूफानी शतकीय पारी के बल पर प्रशासनिक भवन ने दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर प्रशासनिक भवन ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। 15-15 ओवर के इस मैच में कैंपस की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 179 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसमें रोहित कुमार ने 49, सीपी सिंह ने 39 और कृष्णा ने 29 रन बनाए। प्रशासनिक भवन की ओर से अभिषेक सिंह और रामनाथ ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रशासनिक भवन की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक सिंह एक छोर पर टिके रहे तो दूसरे छोर से नियमित विकेट गिरते रहे। एक समय 74 रन पर ही प्रशासनिक भवन के पांच विकेट गिर गए थे लेकिन अभिषेक ने दबाव को हावी नहीं होने दिया। प्रशासनिक भवन की टीम ने 15वें ओवर में 180 रन बनाकर मैच जीत लिया।
अभिषेक ने 49 गेंदों में 131 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और सात छक्के शामिल थे। प्रशासनिक भवन की ओर से मनीष से 12 और अनीष सिंह ने 11 रन का योगदान दिया। कैंपस की टीम से पुनीत श्रीवास्तव ने चार ओवर में पांच विकेट प्राप्त किया। अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. विमलेश मिश्र व सचिव डॉ. राजवीर सिंह ने ट्रॉफी प्रदान की।