मंदिर में शादी करने के बाद प्रेमी जोड़ा।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर में महुली थाना के पास स्थित शिव मंदिर परिसर उस समय शादी के पंडाल में परिवर्तित हो गया, जब प्रेमी युगल की शादी परिजनों ने कराई। इस दौरान मिष्ठान वितरण कर लोगों को खुशियां में शामिल किया गया। लोगो ने नव दंपति को उनके उज्ज्वल और सुखमय भविष्य का आशीर्वाद दिया।
महुली थाना क्षेत्र के भैसही उर्फ भैसवरिया के बरईपुरवा निवासी मुकेश का दिल धनघटा थाना क्षेत्र के सोनहन निवासी निर्मला पर आ गया। इसके बाद प्यार परवान चढ़ा। निर्मला और मुकेश एक दूसरे से मिलते रहे। धीरे धीरे यह प्रेम प्रसंग गांव की गलियों में चर्चा का विषय बन गया। दोनों में फोन पर शुरू हुई बातचीत का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा था।
परिजनों ने जब रोकने का प्रयास किया तो साथ मरने जीने की बात करने लगे। बच्चों द्वारा नादानी न करने के भय से परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी। दोनों प्रेमी युगल का बालिग होने पर पर कुछ जागरूक लोगों ने शादी की भी पहल की।
दोनों पक्षो को समझा बुझाकर आपसी रजामंदी से सुलहनामा के साथ शादी करने के लिए राजी कराया गया। एक ही जाति होने के नाते कोई अड़चन नहीं आई। नात रिश्तेदारों की सलाह पर बालिग प्रेमी युगल मुकेश व निर्मला ने महुली थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर में बैदिक मंत्रोच्चार के बीच एक दूसरे को वरमाला पहनाकर पति पत्नी के रूप में स्वीकार किया।
उपस्थित लोगों ने तालिया बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया। उपस्थित लोगों ने मुकेश व निर्मला के जीवन गृहस्थी में प्रवेश करने की बधाई देते हुए आशीर्वाद दिया। इनके विवाह का महुली थाने के पास स्थित शिव मंदिर गवाह बन गया। इसके बाद वर पक्ष के लोगों ने दुल्हन निर्मला को अपने साथ घर लेकर गए। प्रेमी युगल की शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।