जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी युवक और झारखंड की युवती शहर के एक होटल में नौकरी करते हैं। बृहस्पतिवार की रात करीब 11:20 बजे दोनों खाना खाने के बाद कार से नौका विहार और ताल रिंग रोड की तरफ घूमने निकले थे। आरोप है कि मोहद्दीपुर की तरफ आरकेबीके के पीछे ताल रिंग रोड पर बाइक सवार युवक की कार से टक्कर होने से बच गई। इसके बाद बाइक सवार युवक ने अपने साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे युवकों ने कार को रोक लिया और युवती से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर साथ मौजूद युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। आरोपियों ने युवक का मोबाइल छीन लिया और कार का शीशा भी तोड़ दिया।
शोर सुनकर आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकले। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सीमा विवाद में ढाई घंटे भटकते रहे पीड़ित
घटना के बाद राहगीर पीड़ित युवक-युवती को लेकर पैडलेगंज चौकी पहुंचे। आरोप है कि वहां पुलिस ने घटनास्थल अपने क्षेत्र में नहीं होने की बात कहते हुए उन्हें मोहद्दीपुर चौकी भेज दिया। इसके बाद पीड़ित कैंट थाने पहुंचे, जहां से उन्हें दोबारा मोहद्दीपुर चौकी भेजा गया।
पीड़ित करीब रात साढ़े 11 बजे से दो बजे तक कार्रवाई के लिए चौकी और थाने के चक्कर लगाते रहे। बाद में एक पुलिस अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस सक्रिय हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और लूटे गए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया। पुलिस ने जांच के आधार पर एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
राहगीर नहीं पहुंचते तो बढ़ सकती थी घटना
घटना के दौरान मौके पर मौजूद संजय पासवान ने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। उनका कहना है कि राहगीरों ने बीच-बचाव कर युवक-युवती को बचाया, नहीं तो मामला और गंभीर हो सकता था। उन्होंने घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।
बृहस्पतिवार की रात में इस घटना की सूचना मिली थी, पता चला था कि कार से ठोकर लगने के बाद बाइक सवार युवकों ने कार सवार से मारपीट की थी। इस मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है:
आभा सिंह, सीओ कैंट