गोरखपुर। झंगहा पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर एम्स थाना क्षेत्र के रामगढ़ उर्फ रजही धूसी टोला निवासी प्रभु निषाद से 36.50 लाख की ठगी के आरोपी दंपती को क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान झंगहा के गहिरा केवटान टोला निवासी राजू निषाद और उसकी पत्नी संध्या के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर बाद दंपती को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
प्रभु निषाद ने बताया कि उन्होंने खेती के लिए जमीन खरीदने की योजना बनाई थी। उनके रिश्तेदार राजू निषाद और उसके दोस्त चौरीचौरा के दवकहिया निवासी राजू सिंह ने उनसे संपर्क किया। राजू निषाद ने दावा किया कि उनके पिता के नाम पर गहिरा में आराजी सं. 2645, रकबा 0.203 हेक्टेयर जमीन 50 लाख रुपये में बेची जा सकती है। प्रभु निषाद ने विश्वास कर 36 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया। इसमें से 2.50 लाख रुपये राजू निषाद और बाकी रुपये उसकी पत्नी संध्या देवी के बैंक खातों में भेजे गए थे। जब पीड़ित ने शेष रकम देकर जमीन का बैनामा कराने को कहा तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। दबाव बनाने पर राजू निषाद और उसकी पत्नी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने दंपती समेत छह लोगों के खिलाफ झंगहा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
वहीं दूसरी ओर राजू निषाद की पत्नी संध्या देवी ने भी झंगहा थाने में तारामंडल स्थित एक्सिस बैंक के कर्मचारी राहुल यादव, आशुतोष सिंह, अश्वनी कुमार ,अजय कुमार और शशांक कुमार के खिलाफ बैंक खाते से पैसा हेराफेरी कर रुपये निकालने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि संध्या और उसके पति के खाते में रुपये भेजे गए थे। रुपये लेने के बाद भी उसने अपने रिश्तेदार को जमीन नहीं दी। जांच में आरोपी पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। वहीं संध्या की ओर से दर्ज मामले की जांच की जा रही है।