गोलघर गलियारे पर कब्जे के संबंध में भी होगी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोलघर समेत शहर के अन्य जगहों से अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम शुक्रवार को निगम के सदन हॉल में शाम पांच बजे व्यापारियों के साथ बैठक कर चर्चा करेगा। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर के सभी प्रमुख व्यापारी संगठन के अध्यक्षों को बुलाया गया है।
वहीं, दूसरी तरफ नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर को सुंदर और जाम से मुक्ति दिलाने के लिए अवैध अतिक्रमण को हटाना जरूरी है। लेकिन, नगर निगम के अतिक्रमण अभियान का कई व्यापारी संगठनों ने विरोध किया था। मंगलवार को शास्त्री चौक से अंबेडकर चौक के बीच अतिक्रमण हटाने पहुंचे नगर निगम के प्रवर्तन दल को पटरी व्यापारियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। गुस्साए व्यापारियों ने ठेले पर कैरट रखकर आग लगा दी।
गोलघर में लोगों के पैदल चलने वाले गलियारे पर पूरी तरह कब्जा है। कुछ दुकानदारों ने सामान रखकर तो कुछ ने पक्का निर्माण करवा अपना कब्जा जमा लिया है। इसे खाली करने के लिए निगम ने उन्हें नोटिस दिया था। शुक्रवार की बैठक में गोलघर व्यापार मंडल के प्रतिनिधि को भी बुलाया गया है। इसमें गलियारे को खाली करने पर बात होगी।
अतिक्रमण से प्रभावित हो रहा विकास कार्य
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि शहर के विभिन्न मार्गों, चौराहों एवं व्यवसायिक क्षेत्रों में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से ठेला, खोमचा लगा लेने व स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण करने से यातायात की समस्या उत्पन्न होती रहती है और विकास कार्य भी प्रभावित होता है। इस समस्या के निस्तारण और शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए मेयर की अध्यक्षता में व्यापारियों संग बैठक बुलाई गई है।