- अंतरिम बजट में इस रेल मार्ग के लिए जारी हुआ है 225 करोड़
- गोंडा-लखनऊ रूट पर कम होगा दबाव, सीतापुर रूट होगी आसान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। दिल्ली की तरफ से आने-जाने वाली ट्रेनों की रफ्तार बनाए रखने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे नए-नए उपाय कर रहा है। इसी क्रम में बुढ़वल से गोंडा के बीच 61.72 किलोमीटर लंबी तीसरी लाइन का निर्माण हो रहा है। इसके लिए अंतरिम बजट में 225 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं। इस रेल लाइन के बन जाने से सीतापुर की तरफ आने-जाने वाली ट्रेनों को कहीं लाइन के अभाव में नहीं रुकना पड़ेगा।
गोरखपुर से दिल्ली के लिए दो प्रमुख रूट हैं। एक लखनऊ-कानपुर होकर और दूसरा सीतापुर-मुरादाबाद होकर। गोंडा जंक्शन से ये रूट अलग होते हैं। सीतापुर के रास्ते दिल्ली जाने वाले रूट पर गोंडा से बढ़वल के बीच तीसरी लाइन बनाने का कार्य प्रस्तावित है। 61.72 किलोमीटर लंबे इस रूट पर कर्नेलगंज, जरवल रोड आदि प्रमुख स्टेशन हैं। इस रूट पर तीसरी लाइन बन जाने के बाद दिल्ली से आने-जाने वाली ट्रेनों को कहीं लाइन क्लीयर के अभाव में नहीं रुकना पड़ेगा। अभी इस रूट से हर दिन करीब 65 ट्रेनों का संचालन होता है। ट्रेन के अलावा मालगाड़ियों के आवागमन में भी सुविधा होगी।
-
बुढ़वल-सीतापुर छावनी-रोसा का दोहरीकरण होगा पूरा
अंतरिम बजट में बुढ़वल से सीतापुर कैंट के बीच चल रहे दोहरीकरण के लिए भी 19.60 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।180 किलोमीटर लंबे इस रूट के दोहरीकरण से इस पूरे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन आसान हो जाएगा। अंतरिम बजट में धन मिलने के बाद अगले वित्तीय वर्ष में इन बड़े काम के पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है।