जिले में थाने की स्पेशल टीम अब कोरोना के संदिग्धों की निगरानी करेगी। इसके लिए एसएसपी ने प्रत्येक थाने में पांच सदस्यीय टीम बनाई है। जिसमें एक दरोगा व चार सिपाही शामिल होंगे। उन्हें कहा गया है कि उन्हें वायरस से खुद को बचाते हुए काम करना है। सीओ कैंट सुमित शुक्ला को कोरोना स्पेशल टीम का जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जो कि पुलिस लाइंस के दोनों टास्क फोर्स और थाने के स्पेशल टीम के साथ हर स्थित पर निगाह बनाए रखेंगे। जागरूकता के साथ ही अपने-अपने इलाकों में विदेश से आने वाले भारतीयों व विदेशियों पर निगाह रखेगी। साथ ही कोरोना संदिग्धों पर भी नजर रखेगी। इसके लिए एलआईयू की टीम भी अलग से काम करेगी और सूचनाएं एकत्र करेगी।
कोरोना को लेकर बुधवार को एसएसपी डॉ सुनील गुप्ता ने अपने दफ्तर में सभी एसपी व कोरोना नोडल अधिकारी के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश दिया। एसएसपी ने कहा कि स्पेशल टीम बीमारी छिपाकर जांच न कराने वाले संदिग्धों को पकड़कर स्वास्थ्य महकमे को देगी। जिससे जांच हो और उसे इलाज मिल सके। वहीं कोरोना को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की नजर है। ऐसे लोगों की निगरानी कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ला एंड आर्डर सहित किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार रहने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों व पुलिसकर्मियों से अपने दफ्तर, गाड़ियों आदि को दिन में तीन बार सेनेटाइज करते रहने और हाथ धोते रहने को भी कहा। कहा कि टीम के सदस्य अन्य पुलिसकर्मियों को भी लगातार जागरूक करें कि उन्हें खुद को बचाते हुए कैसे काम करना है। बैठक में एसपी सिटी डॉ कौस्तुभ, एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी नाथ अरविंद कुमार पांडेय, एसपी क्राइम अशोक वर्मा, एसपी ट्रैफिक आदित्य प्रकाश वर्मा, सीओ कैंट सुमित शुक्ला सहित कई अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।